छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय, अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना

SHARE:

प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। खासकर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और अगले दो से तीन दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है।

इसके अलावा सीजनल ट्रफ (द्रोणिका) उत्तर-पश्चिम राजस्थान से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं विंड शियर जोन भी सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को और बल मिलेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली (वज्रपात) और अंधड़ की भी आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। दिनभर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने की संभावना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें