पाटन /जनपद पंचायत पाटन के सभागार में “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) Act-2025” के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक की अध्यक्षता तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री महेंद्र कुमार जांगड़े के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत क्षेत्र के समस्त जनपद सदस्यगण, सरपंचगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित जनपदों को मिशन की कार्ययोजना, मुख्य उद्देश्यों और ग्राम स्तर पर क्रियान्वित किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में:
रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन
कौशल विकास (Skill Development)
महिला स्व-सहायता समूहों (SHGs) का सशक्तिकरण
समावेशी विकास को गति देना
इन सभी माध्यमों से यह एक्ट वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर उतारने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेंद्र कुमार जांगड़े ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ पहुँचाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने उद्बोधन में कहा, “विकसित भारत-2047 के बड़े लक्ष्य को हासिल करने में हमारी ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।” उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सक्रिय सहभागिता निभाते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की जिम्मेदारी लें।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर आजीविका, महिला सशक्तिकरण तथा समृद्ध ग्रामों के निर्माण के माध्यम से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ पूरा करने का सामूहिक संकल्प लिया।









