पुरानी आपसी रंजिश में हत्या के प्रयास का आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, मोटरसाइकिल एवं पहने कपड़े बरामद

SHARE:

थाना उतई क्षेत्र के ग्राम जोरातराई में हुई हत्या के प्रयास की घटना में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए तथा आरोपी की पतासाजी कर उसे अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया।

दिनांक 12.09.2026 को प्रार्थी नंद बिहारी, निवासी बाजार चौक, ग्राम जोरातराई द्वारा थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह प्रतिदिन की तरह चाय पीने के लिए ग्राम जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट गए थे। वहां अपने परिचितों के साथ चाय पीने के दौरान पीछे से आए आरोपी द्वारा पुरानी आपसी रंजिश के चलते राजेन्द्र सिंह के साथ मारपीट करते हुए हत्या करने की नीयत से धारदार हथियार से गले पर वार किया गया। बचाव का प्रयास करने पर आरोपी द्वारा पेट पर भी वार करने का प्रयास किया गया। घटना में राजेन्द्र सिंह घायल हुए, जिनका उपचार अस्पताल में कराया गया।

सूचना प्राप्त होते ही थाना उतई पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच प्रारंभ की गई। फॉरेंसिक टीम की उपस्थिति में प्रकरण से संबंधित आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया गया। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था।

पुलिस टीम द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के कथनों एवं तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लगातार पतासाजी की गई। आरोपी के अहमदाबाद, गुजरात में होने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा वहां पहुंचकर आरोपी का पता तलाश किया गया तथा उसे हिरासत में लेकर थाना उतई लाया गया। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक देवलाल साहू एवं थाना उतई के अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवाद एवं रंजिश को हिंसक रूप देने से बचें तथा विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अपराध एवं कानून-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें