शासकीय भूमि से अवैध उत्खनन मामला: बार-बार नोटिस के बाद भी पेश नहीं हुए सांकरा कॉलेज के डीन, ‘जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी’ ने दी आंदोलन की चेतावनी

SHARE:

अनिल साहू पाटन की रिपोर्ट —–

​दुर्ग/पाटन, पाटन तहसील के ग्राम खुड़मुड़ी में उद्यानिकी विभाग की शासकीय भूमि से रेत और मिट्टी के अवैध उत्खनन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासनिक जांच में मामले की पुष्टि होने के बावजूद चार महीने से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर ‘जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी’ ने गहरी नाराजगी जताई है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।
​जांच में खुली पोल, डीन की भूमिका पर गहराया संदेह
​जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि लगभग चार महीने पहले ग्रामीणों की शिकायत पर पार्टी ने मौका मुआयना किया था, जहां बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन पाया गया। इसके बाद एसडीएम और तहसीलदार पाटन को ज्ञापन सौंपा गया।
​प्रशासनिक जांच में न सिर्फ अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई, बल्कि यह भी सामने आया कि सांकरा उद्यानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) अमित दीक्षित ने ग्राम पंचायत खुड़मुड़ी के सरपंच को इस उत्खनन के लिए लिखित अनुमति पत्र जारी किया था।
​चार नोटिस के बाद भी अधिकारी लापता
​सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस खोदी गई रेत और मिट्टी का इस्तेमाल कहाँ किया गया? इस पर न तो सरपंच कोई साफ जवाब दे पा रहे हैं और न ही कॉलेज प्रशासन। अपना पक्ष रखने के लिए पाटन तहसील और एसडीएम कार्यालय द्वारा डीन अमित दीक्षित को अब तक चार बार नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद वे न तो खुद उपस्थित हुए और न ही कोई लिखित जवाब भेजा, जिससे पूरे मामले में भ्रष्टाचार का संदेह और गहरा गया है।
​कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आर-पार की लड़ाई का ऐलान
​दोषियों पर कार्रवाई में हो रही देरी से आक्रोशित जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने बीते 24 जून 2026 को जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
​जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू ने कड़े शब्दों में कहा, “जांच में अवैध उत्खनन साबित होने के बाद भी चार महीने तक कार्रवाई न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर प्रशासन ने जल्द ही जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों पर कानूनी शिकंजा नहीं कसा, तो पार्टी ग्रामीणों के हक के लिए सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करने को बाध्य होगी।”

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें