पाटन (मानिकचौरी)। क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी में 3 अक्टूबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भव्य एवं जागरूकतापूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के बीच पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना और महिलाओं व बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती सरिता साहू एवं सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू उपस्थित रहीं। इसके अलावा सरपंच श्री मुकेश साहू, पूर्व सरपंच श्रीमती मोतिम साहू, शिक्षक श्री बहादुर सिंह सूर्यवंशी, पंच प्रेमलाल, किरण, शकुन, कामिनी एवं ऊषा, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सुपोषण टोकरी देकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुपोषण पर विजय पाने वाले बच्चे रहे। कुपोषण से पूरी तरह मुक्त हो चुके बच्चों को ‘सुपोषण टोकरी’ भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही बच्चों ने सुंदर कविता पाठ की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
महिलाओं और बच्चों के लिए कुर्सी दौड़ और बैलून दौड़ जैसी मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने चढ़-बढ़कर हिस्सा लिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और वक्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।









