विशाखापत्तनम / आंध्र प्रदेश के सुरम्य शहर विशाखापत्तनम स्थित आंध्र विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित डॉ. वाई. वी. एस. मूर्ति ऑडिटोरियम में 16-17 सितंबर 2026 को “भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ” (BSPS) की 13वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। नव आंध्र प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के संयोजन में आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश के आठ राज्यों से आए 400 से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों और कई विशिष्ट अतिथियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पदार्पण और भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन के जन्मदिवस के दोहरे जश्न के साथ अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई।
55 वर्षों के निर्भीक पत्रकारिता सफर का सम्मान
सम्मेलन का सबसे भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन ने रायपुर (छत्तीसगढ़) के वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ देने का ऐलान किया। वर्ष 1971 से—यानी 55 वर्षों से—लगातार सक्रिय पत्रकारिता में योगदान दे रहे आसिफ इकबाल के नाम की घोषणा होते ही पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद जी. वी. एल. नरसिम्हा राव, संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन, नव आंध्र प्रदेश पत्रकार संघ के वीरभद्र राव, महासचिव गिरधर शर्मा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार कृष्णमोहन झा ने संयुक्त रूप से आसिफ इकबाल को शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया।
देशभर के पत्रकारों ने दी बधाई—
आसिफ इकबाल को यह सर्वोच्च सम्मान मिलने पर सम्मेलन में उपस्थित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पत्रकारों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बधाई देने वालों में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़: विकी पंजवानी, लवलेश द्विवेदी, शेख आबिद (भिलाई/रायपुर)
उत्तराखंड: गायत्री जी
पश्चिम बंगाल: शुभेंदु चटर्जी
तमिलनाडु/आंध्र प्रदेश: के.वी.टी. श्रीधर राव, अली खान (चित्तूर), राघवेंद्र मिश्रा (विशाखापत्तनम)
झारखंड: अरविंद ठाकुर (साहिबगंज), नजरुल इस्लाम (रांची)
बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने आसिफ इकबाल के लंबे और प्रेरणादाई पत्रकारिता करियर की सराहना करते हुए इसे युवा पत्रकारों के लिए मार्गदर्शक बताया।









