छत्तीसगढ़ शासन के *सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026)* के अंतर्गत आज शासकीय प्राथमिक शाला भाठापारा रिसामा, विकासखंड दुर्ग में विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शाला के बच्चों ने *”विकसित भारत – विजन 2047″* की थीम पर पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण, हरियाली, अंतरिक्ष में भारत की उड़ान, स्मार्ट गांव और जल संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मकता ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्री ढालेश साहू, सरपंच श्री रोशन लाल साहू, उपसरपंच श्री मन्नूलाल साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री सुरेश कुमार धीवर उपस्थित रहे। साथ ही शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती मोतिम साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री ठाकुर, शिक्षाविद श्री राजाराम पटेल, श्री शिवबालक यादव एवं समस्त समिति सदस्य, पालकगण व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता और रचनात्मक सोच को विकसित करते हैं, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शाला परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक द्वारा किया गया।









