पाटन। वृहत्ताकार सहकारी समिति मर्यादित पाटन की वार्षिक आमसभा की बैठक शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकृत अध्यक्ष नागेंद्र कश्यप ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा-जोखा (आय-व्यय) का ब्योरा प्रस्तुत किया। साथ ही, उन्होंने नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए समिति की महत्वपूर्ण योजनाओं और जानकारियों से किसानों को अवगत कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने किसानों को सलाह दी कि धान की कटाई पूर्ण होने के बाद खेत खाली न छोड़ें। उन्होंने रबी सीजन में चना, गेहूं, लाखड़ी, सरसों और अन्य दलहन-तिलहन फसलों की खेती करने का सुझाव दिया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
किसानों की फसलों को मवेशियों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पशुओं की देख-रेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी नगर पंचायत निभाएगी। इस घोषणा से किसानों के चेहरे खिल उठे और उनकी खुशी दोगुनी हो गई।
नगर पंचायत के इस फैसले पर उपस्थित सभी किसानों ने एक स्वर में चना व दलहन की फसल उगाने की सहमति जताई और इस जनहितैषी पहल के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले का आभार व्यक्त किया।
वार्षिक आमसभा की इस बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, प्राधिकृत अध्यक्ष नागेंद्र कश्यप, पार्षद केवल देवांगन, केशव बंछोर, मनोज देवांगन, चंद्रशेखर कश्यप सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान और समिति के कर्मचारी उपस्थित थे।









