भिलाई/ भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव द्वारा सत्य सनातन की परंपराओं और धार्मिक संस्कृति को सहेजने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के आरंभ होने से पूर्व, सेक्टर-4 स्थित वार्ड 58 के सड़क 29 में ‘यूथ क्लब दुर्गा उत्सव समिति’ के तत्वाधान में डोम शेड के नवनिर्माण एवं संधारण कार्य की शुरुआत की गई। इस कार्य हेतु विधायक देवेंद्र यादव ने अपनी विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई है।
निर्माण व संधारण कार्य का शुभारंभ मां अम्बे की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और उपासना कर किया गया। समिति के सदस्य सौरभ मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में भिलाई में दुर्गा पूजा पंडालों को लेकर दो अलग-अलग स्थितियां देखने को मिल रही हैं। एक तरफ जहां कुछ स्थानों पर पर्ची व्यवस्था के माध्यम से दर्शन कराए जा रहे हैं और इसे आय का साधन बना लिया गया है, वहीं दूसरी ओर यूथ क्लब दुर्गा उत्सव समिति जैसे पंडाल आज भी शुद्ध जनसहयोग से निर्मित होते हैं। ये समितियां पूजा, भक्ति और सामाजिक संदेशों के माध्यम से सत्य सनातन की स्थापना में निरंतर अपना योगदान दे रही हैं।
सौरभ मिश्रा ने आगे कहा कि इस तरह की जनसेवा और धार्मिक निष्ठा से कार्य करने वाली समितियों को जब विधायक देवेंद्र यादव जैसे जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त होता है, तो उनकी आस्था और उत्साह को और अधिक बल मिलता है, जिससे समाज में सनातन धर्म की एक सुंदर और निस्वार्थ छवि प्रस्तुत होती है।
कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य रूप से जोन अध्यक्ष राजेश चौधरी, दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष कलविंदर सिंह (पोड़ी काका), पार्षद सुरेश वर्मा, श्याम सुंदर राव, प्रमोद विश्वास, संतोष मिश्रा, मनोज प्रधान, संगीता ध्रुव, राहुल मिश्रा, महेश महानंद, न्यूब सिंह, कमल महानंद सहित समिति के अन्य सदस्य एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









