जामुल/भिलाई/ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामुल के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक सह-संगठनात्मक परिचर्चा का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चुनाव प्रभारी प्रमोद दुबे ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, छाया सांसद राजेंद्र साहू एवं छाया विधायक निर्मल कोसरे मंचासीन रहे।
बैठक से पूर्व अकलोर सुरडुंग त्रिगड्डा से युवा कांग्रेस के नेतृत्व में एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। शिवपुरी से मंगल भवन (वार्ड क्रमांक 1) के पास ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामुल के अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने अतिथियों का गर्मजोशी से ऐतिहासिक स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। स्वागत भाषण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश साहू ने दिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि भूपेश बघेल, चुनाव प्रभारी प्रमोद दुबे, राकेश ठाकुर, राजेंद्र साहू और निर्मल कोसरे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने आगामी चुनाव की रणनीतियों, बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक मजबूती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रकाश सिंह ठाकुर ने किया एवं आभार प्रदर्शन ओंकार निर्मलकर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता करीम खान, सुनीता चन्नैवार, सरोजनी चंद्राकर, रामप्यारी वर्मा सहित स्थानीय पार्षदगण, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में ब्लॉक व वार्ड स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रेषक:
कमलेश साहू
अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामुल









