पाटन / “बच्चों का स्वास्थ्य ही छत्तीसगढ़ का भविष्य है”—इसी भावना के साथ नगर पंचायत पाटन क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना’ के तहत एक विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत पाटन निकाय क्षेत्र के सभी शासकीय एवं निजी (प्राइवेट) विद्यालयों में मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कुल 829 स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें लाभान्वित किया गया।
आयोजित शिविरों के दौरान मोबाइल मेडिकल टीम ने विद्यार्थियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया।
785 बच्चों की खून जांच (Blood Test) की गई ताकि उनमें एनीमिया (खून की कमी) या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सके।
525 बच्चों को आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया।
डॉक्टरों एवं मेडिकल टीम ने बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और पौष्टिक आहार लेने के प्रति भी जागरूक किया।
यह संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण शिविर नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्री हेमंत कुमार वर्मा के निर्देशों एवं नोडल अधिकारी/उपअभियंता श्री प्रवीण साहू के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्थानीय निकायों और स्कूल प्रबंधनों ने इस पहल की सराहना की है।









