भिलाई, छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की पावन स्मृति में 7वीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए लगभग 150 प्रतिभागियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में अपने उत्कृष्ट योग कौशल और कलात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएस ऑर्थो एवं प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र जंघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिसाली नगर निगम के सभापति श्री केशव बंछोर ने की। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी धीरेन्द्र कुमार वर्मा मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में पाटन क्षेत्र से भाग लेने वाले 4 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों पर कब्जा जमाया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया:
केशव सिंह सपहा: (5-9 वर्ष बालक वर्ग) – ट्रेडिशनल योगासन में स्वर्ण पदक (Gold Medal)
भूमिका साहू: (19-27 वर्ष सीनियर बालिका वर्ग) – योगासन में स्वर्ण पदक (Gold Medal)
अंतरा साहू: (15-20 वर्ष बालिका वर्ग) – आर्टिस्टिक सिंगल में रजत पदक (Silver Medal) एवं (14-19 वर्ष वर्ग) ट्रेडिशनल योगासन में स्वर्ण पदक (Gold Medal)
अनन्या वर्मा: (सब-जूनियर बालिका वर्ग) – आर्टिस्टिक सिंगल योग में कांस्य पदक (Bronze Medal)
पाटन के चारों प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए होने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर डॉ. दिनेश चंद्रवंशी (जिला आयुष अधिकारी), डॉ. अनिता साहू, योग गुरु श्री तुलाराम वर्मा, लालराम वर्मा, खिलेन्द्र साहू, भारत लाल ताम्रकार एवं संतोष यादव सहित खेल प्रेमियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।








