पाटन। आस्था और जन-जागरूकता का एक सुंदर संगम नगर पंचायत पाटन के इंदिरा नगर वार्ड में देखने को मिल रहा है। इस वर्ष गणेशोत्सव के पावन अवसर पर इंदिरा नगर वार्ड स्थित गणेश उत्सव समिति ने धर्म और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संदेश दिया है। यहाँ स्थापित भव्य गणेश प्रतिमा के साथ-साथ महज 2 इंच की एक बेहद सूक्ष्म और आकर्षक ईको-फ्रेंडली मूर्ति भी रखी गई है,
बढ़ते प्रदूषण और नदियों-तालाबों को नुकसान से बचाने के लिए समिति द्वारा ली गई यह पहल लोगों को मिट्टी की छोटी मूर्तियों के इस्तेमाल के प्रति प्रेरित कर रही है। समिति के सदस्यों का मानना है कि आस्था का दायरा केवल प्रतिमा के आकार से नहीं, बल्कि हमारी भक्ति और सोच से तय होता है।
इस 2 इंच की छोटी सी प्रतिमा हर व्यक्ति को ईको-फ्रेंडली गणेश जी की स्थापना करने और मिट्टी की मूर्तियों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया जा रहा है। इंदिरा नगर वार्ड की यह अनूठी पहल पूरे पाटन नगर में पर्यावरण सुरक्षा की एक नई मिसाल पेश कर रही है।









