दुर्ग/पाटन/दुर्ग जिले के पाटन जनपद अंतर्गत निपानी क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही वर्षा के चलते क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई मुख्य और संपर्क मार्ग पानी में पूरी तरह डूब चुके हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़कों ने दरिया का रूप ले लिया है और पानी का बहाव तेज है।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग क्षेत्र में 25 सितंबर को दर्ज की गई 49.2 मिमी बारिश ने निचले और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति को गंभीर बना दिया है। मौसम विभाग ने क्षेत्र में और अधिक बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी (येलो/ऑरेंज अलर्ट) भी जारी की थी, जिसका असर अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।
सड़कों पर पानी के अत्यधिक भराव और बहाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है। ग्रामीणों और राहगीरों को सलाह दी गई है कि वे जलमग्न सड़कों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा सुरक्षित मार्गों का उपयोग करें। emergency स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय अमले को भी अलर्ट पर रखा गया है।









