पाटन/तरीघाट,लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण खारून नदी विकराल रूप धारण कर चुकी है। नदी के जलस्तर में हुई बेतहाशा वृद्धि से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इसी क्रम में तरीघाट स्थित सरस्वती शिशु मंदिर भी नदी के उफान की चपेट में आ गया है। विद्यालय परिसर और कक्षाओं में पानी भरने के कारण स्कूल प्रबंधन द्वारा एहतियातन विद्यालय को खाली कराया जा रहा है।
जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्कूल के महत्वपूर्ण दस्तावेजों, कंप्यूटर व शिक्षण सामग्रियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
स्थानीय दल मौके पर मुस्तैद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन के सहयोग से राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि न हो। नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी गई है।









