पाटन / कौही, प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कौही स्थित शिव मंदिर के प्रवेश द्वार पर महाबली हनुमान जी की विशाल एवं भव्य आदमकद प्रतिमा का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। बाँस और बल्लियों की पाड़ के सहारे मूर्तिकार प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
कौही का शिव मंदिर क्षेत्र अपनी धार्मिक मान्यताओं, शांत वातावरण और देवी-देवताओं के अनेक मंदिरों तथा सुंदर प्रतिमाओं के लिए जाना जाता है। त्योहारों और विशेष पर्वों के अवसर पर यहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
प्रवेश द्वार पर हनुमान जी की इस विशाल और ओजस्वी प्रतिमा के स्थापित होने से इस स्थल की शोभा और अधिक बढ़ जाएगी। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं का कहना है कि यह प्रतिमा यहाँ आने वाले भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगी।
प्रतिमा का निर्माण पूरा होते ही इसे श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु समर्पित कर दिया जाएगा।









