सेलूद। स्वामी आत्मानंद स्कूल सेलूद में शौचालय की घोर कमी और अव्यवस्था से आक्रोशित स्कूली छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। बदहाल व्यवस्था से परेशान विद्यार्थियों ने दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग के व्यस्ततम बजरंग चौक पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। छात्र-छात्राएं मौके पर शिक्षा मंत्री और संबंधित उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शन के कारण पिछले आधे घंटे से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मूलभूत सुविधा से वंचित छात्र: विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल में शौचालयों की संख्या पर्याप्त नहीं है, जिससे रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राओं को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ती है। बार-बार शिकायत के बावजूद जब सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।
ठोस आश्वासन की मांग: प्रदर्शनकारी छात्र स्पष्ट कर चुके हैं कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या के त्वरित समाधान का लिखित या ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।









